मलबा और भूस्खलन से राज्य मार्ग समेत कई ग्रामीण सड़कें बाधित, नदी-नाले उफान पर
बागेश्वर। जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के साथ जगह-जगह मलबा और भूस्खलन होने से एक राज्य मार्ग समेत 15 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। सड़कों के बाधित होने से ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं नदी-नाले भी उफान पर हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार धैना-लखनी, पालड़ीछीना-जैनकरास और काफलीगैर-खौलसीर समेत कई ग्रामीण मार्ग मलबा आने से बंद हैं। इसके अलावा बालीघाट-दौफाड़-धरमघर-कोटमन्या राज्य मार्ग भी बाधित है। मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।
लगातार बारिश और मार्गों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की आवाजाही को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासी अर्जुन माजिला ने कहा कि बारिश के कारण कई सड़कें बंद हैं, जिससे बच्चों के स्कूल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी ने बताया कि बारिश के कारण जिले में कई सड़कें बाधित हुई हैं। संबंधित विभागों को बंद मार्गों को जल्द खोलने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट रखा गया है।
आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 21.67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बागेश्वर में 30, गरुड़ में 19 और कपकोट में 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं सरयू नदी का जलस्तर 866.90 मीटर और गोमती नदी का जलस्तर 864.30 मीटर दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।








