बागेश्वर। सावन माह के प्रत्येक सोमवार को मीट मार्केट बंद रखने को लेकर हिंदूवादी संगठनों द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद बागेश्वर व्यापार संघ ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि शासन या जिला प्रशासन की ओर से अभी तक मीट मार्केट बंद रखने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में व्यापारी अन्य सामान्य दिनों की तरह अपने प्रतिष्ठानों का संचालन करेंगे।
व्यापार संघ द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि कुछ संगठनों द्वारा सावन के प्रत्येक सोमवार को मीट मार्केट बंद रखने का आह्वान उनका निजी निर्णय है, जिसका व्यापार संघ समर्थन नहीं करता। संघ ने कहा कि वह व्यापारियों के वैध व्यापारिक अधिकारों के पक्ष में खड़ा है और किसी भी व्यापारी पर दुकान बंद करने का दबाव उचित नहीं है। संघ ने सभी मीट व्यापारियों से अपील की है कि वे बिना किसी भय के अपना व्यापार संचालित करें। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यापारी के साथ अभद्रता, जबरन दुकान बंद कराने का प्रयास या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक तंत्र की होगी। व्यापार संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें भयमुक्त वातावरण में व्यवसाय करने का अवसर प्रदान किया जाए।
गौरतलब है कि इससे पहले आज सुबह सावन माह में धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए हिंदूवादी संगठनों ने प्रत्येक सोमवार को मीट मार्केट बंद रखने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। हालांकि, इस संबंध में अब तक शासन या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।








