बागेश्वर। बागेश्वर की प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी प्रेमा रावत के राष्ट्रीय महिला टी-20 क्रिकेट टीम में चयन होने पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने प्रेमा रावत की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बागेश्वर के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में बागेश्वर जिले के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रेमा रावत का राष्ट्रीय महिला टी-20 टीम में चयन जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस मौके पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर के अध्यक्ष राम चंद्र पांडे, सचिव रमेश दानू, सह सचिव प्रदीप गड़िया, उपाध्यक्ष रमेश लोहनी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र परिहार, संरक्षक हरीश रावल, सदस्य कमल बिष्ट, मनोज ओली, विजय गड़िया, अनुज साह गंगोला, मनोज बचखेती सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।








