बागेश्वर। “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे के साथ बागेश्वर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का एक दल आज दिल्ली के लिए रवाना हो गया। यह दल दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की महारैली में प्रतिभाग करेगा, जहां केंद्र सरकार की नीतियों और कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में आवाज बुलंद की जाएगी।
दिल्ली कूच के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मताधिकार के सम्मान के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनमत की अनदेखी कर सत्ता में बनी हुई है, जिसके विरोध में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। दिल्ली में होने वाली रैली के माध्यम से केंद्र सरकार को चेताया जाएगा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि जब तक जनता के अधिकार सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, राजेंद्र टगड़िया, सुनील भंडारी, गोपा धपोला, बालकृष्ण, जसोधराम, दीवान सिंह, हीरा सिंह, प्रवीण ऐठानी, दीपक ऐठानी, चामू देवली, मदन मोहन, राजू कुंवर, केवलानंद जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








