बागेश्वर : अल्मोड़ा मैग्नेसाइट वर्कर्स यूनियन ने विभिन्न लंबित मांगों के समाधान को लेकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर ई-रवन्ना व्यवस्था शुरू नहीं की गई तो कर्मचारी जिलाधिकारी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। यूनियन अध्यक्ष शांति लाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से छह प्रस्ताव पारित किए गए हैं। ई-रवन्ना अब तक शुरू नहीं होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। कहा कि इसके कारण कंपनी का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने 30 जुलाई तक सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। यूनियन ने चेतावनी दी कि निर्धारित तिथि तक वेतन नहीं मिलने पर आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
इसके अलावा कार्यकारिणी ने कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक एक सप्ताह के भीतर बुलाने, उसमें यूनियन प्रतिनिधियों को शामिल करने, विद्युत आपूर्ति शीघ्र सुचारु कराने तथा बकाया बिजली बिल के भुगतान के लिए चार माह का अतिरिक्त समय देने की मांग की। यूनियन ने पुरानी लोडर एवं अन्य मशीनों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही अक्टूबर 2024 से मई 2026 तक प्रत्येक कर्मचारी को कंपनी के लेटर पैड पर माहवार वेतन एवं सभी देय भत्तों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने की भी मांग की। यूनियन पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। इस अवसर पर गायत्री प्रसाद, सुरेंद्र लाल, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, विमल कुमार, दिनेश चंद्र जोशी आदि उपस्थित थे।








