logo

जिला पंचायत में अधिकारियों की नियुक्ति न होने पर सदस्यों का प्रदर्शन, विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिला पंचायत बागेश्वर में अपर मुख्य अधिकारी एवं अभियंता के पद लंबे समय से रिक्त होने के विरोध में जिला पंचायत सदस्यों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। सदस्यों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की नियुक्ति न होने से विकास कार्यों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है तथा ठेकेदारों के भुगतान भी लंबित पड़े हैं।

प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी ने कहा कि जिला पंचायत का लगभग एक वर्ष का कार्यकाल बिना किसी ठोस उपलब्धि के गुजर गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अभाव में विकास योजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं, जिससे जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। जिला पंचायत सदस्यों ने बताया कि अपर मुख्य अधिकारी और अभियंता के पद रिक्त होने के कारण विकास कार्यों की स्वीकृति, निगरानी और भुगतान संबंधी प्रक्रियाएं प्रभावित हैं। इससे क्षेत्र में चल रहे कई कार्य अधर में लटक गए हैं। सदस्यों का कहना है कि पिछले आठ माह से बोर्ड की बैठक भी आयोजित नहीं हो सकी है, जिससे विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सदस्यों ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक अधिकारियों की नियुक्ति की जाए और जिला पंचायत के लंबित मामलों का निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला पंचायत कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य नीमा गाड़िया, बलवंत सिंह नेगी, भास्कर सिंह बोरा, बलवंत राम, विजय कोरंगा, नवीन परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share on whatsapp