बागेश्वर, 2 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी, बागेश्वर तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।








