बागेश्वर: दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड पुलिस पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट पर है। इसी क्रम में बागेश्वर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिले की सीमाओं से लेकर नगर क्षेत्र तक पुलिस टीमों को सघन चेकिंग अभियान में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में हुए धमाके के बाद संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए बागेश्वर जिले में सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हर आने-जाने वाले वाहन की कागजातों और सामान की बारीकी से जांच की जा रही है। यातायात पुलिस, थानों की टीमें और खुफिया विभाग मिलकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा की स्थिति को लेकर लोगों में भरोसा बनाए रखने और संभावित असामाजिक तत्वों को चेतावनी देने के उद्देश्य से बुधवार को बागेश्वर नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह और पुलिस उपाधिक्षक मुकेश शर्मा ने किया। इसमें कोतवाल, थाने के अधिकारी, पुलिस कर्मी और पीएसी जवान शामिल रहे। यह मार्च स्टेशन रोड से शुरू होकर कांडा रोड, कपकोट रोड और ताकुला रोड होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुज़रा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने बताया कि जिले की सीमाओं कांडा, कपकोट, बैजनाथ, काफलीगैर और कौसानी में पुलिस ने स्थायी चेकपोस्ट और मोबाइल टीमें तैनात की हैं। सभी वाहनों की बॉडी और लगेज चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान पत्रों की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की नियमित निगरानी भी जारी है। पुलिस उपाधिक्षक अजय लाल साह ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे जिले में चौकसी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हर थाने को अलर्ट पर रखा गया है और गश्त बढ़ा दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर सभी थानों में रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता से नगर में सुरक्षा का माहौल बेहतर महसूस हो रहा है। वहीं, लोगों ने भी सहयोग का भरोसा दिया है। इस दौरान कोतवाल अनिल उपाध्याय आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।








