बागेश्वर। नगर स्थित सरयू पुल पर आज देर सायं 8: 45 को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक किशोरी ने नदी में छलांग लगाने का प्रयास किया। संयोगवश उसी समय पुल से गुजर रहे भटौली निवासी स्कूटी सवार अशोक कुमार की नजर किशोरी पर पड़ गई। उन्होंने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किशोरी को पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले आए। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली बागेश्वर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने किशोरी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे परिजनों और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।स्थानीय लोगों ने स्कूटी सवार अशोक कुमार की सूझबूझ और साहस की सराहना करते हुए कहा कि यदि उन्होंने समय रहते तत्परता नहीं दिखाई होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने इसे मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के बाद वन स्टॉप सेंटर के सुपुर्द कर दिया गया है। वहां उसकी विशेषज्ञों द्वारा काउंसिलिंग कराई जाएगी, ताकि घटना के कारणों की जानकारी मिल सके और उसे आवश्यक मनोसामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और किशोरी के परिजनों से भी संपर्क किया गया है। कोतवाल ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर पुलिस का उद्देश्य किशोरी की सुरक्षा और उसके मानसिक व भावनात्मक सहयोग को सुनिश्चित करना है। काउंसिलिंग के बाद यदि किसी प्रकार के अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








