बागेश्वर: टनकपुर -बागेश्वर रेल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर बागेश्वर में एक बार फिर जनआक्रोश देखने को मिला। टनकपुर बागेश्वर रेल मार्ग निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे लंबे समय से रेल मार्ग निर्माण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर गंभीर नहीं है, जिससे क्षेत्र के विकास पर असर पड़ रहा है। संघर्ष समिति की अध्यक्ष नीमा दफौटी ने कहा कि पिछले 22 वर्षों से यह आंदोलन लगातार जारी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद इस मुद्दे को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने क्षेत्रीय सांसद पर भी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस दिशा में कोई प्रभावी पहल नहीं कर रहे हैं। अब तक केवल सर्वे कार्य ही होता रहा है, जबकि रेल लाइन के निर्माण के लिए जरूरी बजट तक स्वीकृत नहीं किया गया है। नीमा दफौटी ने कहा कि जब तक टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान लक्ष्मी धर्मशक्तू, बंशीधर जोशी, नरेन्द्र खेतवाल, चरण सिंह बघरी, कस्तूबानंद जोशी सहित कई लोग मौजूद रहे।








