बागेश्वर: जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण 15 मोटर मार्ग बंद हैं। कपकोट क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित है। रास्ते, बिजली, पानी, संचार सेवाओं का संकट बना हुआ है।
पिंडारी ग्लेशियर, पोलिंग-हरसिला, खड़लेख-भनार, बदियाकोट-बोरबलड़ा, बदियाकोट-कुंवारी, कर्मी-तोली और सूपी-हरकोट जैसी कई ग्रामीण सड़कें मलबा आने के कारण बंद हैं। कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर मोटर मार्ग के किमी-11 के पास लगभग 700 मीटर लंबा स्लाइडिंग जोन होने के कारण यह मार्ग भी बंद है। मानसून अवधि समाप्त होने के बाद सड़क खुलने की संभावना है। लोनिवि बागेश्वर के अंतर्गत धैना-लखनी-लोहारी सिल्ली-बंड कनस्यारी मार्ग स्थानीय गधेरे के उफान से क्षतिग्रस्त हो गया है। यहां वायर क्रेट आधारित अस्थायी वेंटेड काजवे बनाने की योजना बनाई जा रही है। सानिउडियार-कुचौली और सिमकुना-बाजड़ मार्गों को खोलने का कार्य भी जारी है। पीएमजीएसवाई के अंतर्गत खातीगांव-देवतोली मार्ग हल्के वाहनों के लिए आंशिक रूप से खुला है, जबकि जैसर-रियूनीलखमार मार्ग पर मलबा हटाने का कार्य चल रहा है। शुक्रवार को कपकोट में 46 मिमी, गरुड़ में 40 मिमी और बागेश्वर में 13 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जिले में औसत वर्षा 33 मिमी रही। सरयू नदी का जलस्तर 866.90 मीटर और गोमती नदी का जलस्तर 863.80 मीटर दर्ज किया गया है, जो चेतावनी स्तर से नीचे है। बैजनाथ बैराज का लेवल 1112.900 मीटर और डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 616.86 क्यूसेक है।








