logo

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले ताइक्वांडो खिलाड़ियों का सम्मान, 12 खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन बागेश्वर के तत्वाधान में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी विपिन जोशी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने आत्मविश्वास को हमेशा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को अपना लक्ष्य स्वयं तय करना चाहिए और दूसरों के लक्ष्य को खुद पर नहीं थोपना चाहिए। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और मेहनत से ही विजेता बना जा सकता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने बताया कि एसोसिएशन के छात्र-छात्राएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी खिलाड़ी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे और प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कुल 12 पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रशस्ति टम्टा, प्रांजल बिष्ट, आराध्या उपाध्याय, मनस्वी वर्मा, हितांश उपाध्याय, प्रियांशी पुरोहित, आदित्य खर्कवाल, प्रियांशु कार्की, कार्तिक टम्टा, अनमोल आगरी, दिया जोशी और सौरभ बिष्ट शामिल रहे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव किशोर कुमार, सह सचिव जगदीश उपाध्याय, योगेश कांडपाल, सुरेश गढ़िया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन का माध्यम बना।

Share on whatsapp