बागेश्वर : प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 24 मार्च 2026 को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर 100 दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुमार आदित्य तिवारी ने किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सरकार के प्रयासों को तेज करना और वर्ष 2025-26 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करना है। इस विशेष अभियान के तहत चयनित क्षेत्रों एवं गांवों में घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान की जाएगी। साथ ही लोगों को टीबी के लक्षण, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान एक्स-रे मशीन की सेवाओं का भी उद्घाटन किया गया, जिससे मरीजों की जांच में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों को टीबी रोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही मरीजों को मिलने वाली पोषण सहायता और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखी गई, जो गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।








