logo

श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर श्रमिक महिलाओ ने नगर मे निकाला जुलूस

खबर शेयर करें -

श्रम विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज महिला श्रमिकों ने नगर में जुलूस निकाला। श्रमिकों ने तहसील परिसर में धरना देकर श्रम प्रवर्तन अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने और श्रमिकों को रोजाना बुलाकर बिना सामग्री वितरण किए बैरंग वापस लौटाने के मामले की जांच करने की मांग की। एसडीएम से वार्ता के बाद श्रमिकों ने धरना समाप्त किया।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में श्रम विभाग में कंबल, छतरी आदि सामग्री लेने आई बागेश्वर, गरुड़, खरही मंडल क्षेत्र की महिला श्रमिकों ने जुलूस निकाला। श्रम विभाग के कार्यालय से एसबीआई तिराहा, गोमती पुल, तहसील मार्ग होते हुए श्रमिक नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। एसडीएम कार्यालय के सामने श्रमिक धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने कहा कि श्रम विभाग रोजाना श्रमिकों को उत्पीड़ित करने का कार्य कर रहा है। श्रमिकों को संदेश देकर सामग्री वितरण के लिए बुलाया जाता है, पूरे दिन लाइन में लगाने के बाद शाम को बैरंग लौटाया जा रहा है। कहा कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्रमिकों के साथ छलावा कर रहे हैं। कुछ चुनिंदा लोगों को ही राशन, उपकरण और कंबल आदि का वितरण ‌हो रहा है। बाकी लोगों को परेशान किया जा रहा है।

श्रमिकों ने मामले को लेकर एसडीएम हरगिरी से वार्ता की। एसडीएम ने मामले का स्वयं संज्ञान लेने और ब्लॉकवार सामग्री वितरित कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद श्रमिकों ने धरना समाप्त किया। वहीं बालकृष्ण ने कहा कि अगर प्रशासन ने मामले का जल्द हल नहीं किया तो वह एसडीएम कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp