बागेश्वर: बंदर भगाओ खेती बचाओ अभियान के तहत लगातार आंदोलन कर रहे अधिवक्ता डी के जोशी ने कहा कि आगामी 10 फरवरी को गरुड़ के भकुनखोला मैदान में विशाल रैली आयोजित होगी। जिसमें जिले भर के किसान पहुचेंगे। रैली के माध्यम से वन विभाग और शासन-प्रशासन को चेताने का काम किया जाएगा। यदि बंदरों का आतंक कम नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बागेश्वर में पत्रकार वार्ता करते हुए जोशी ने कहा कि उनके द्वारा आज कुमाऊं मंडल विकास निगम विश्राम गृह पर पत्रकार वार्ता रखी थी। लेकिन टीआरसी के प्रबंधक ने उन्हें पत्रकारों से वार्ता नहीं करने दी। प्रबंधक ने उनसे कह रहे है कि पहले एलआइयू को सूचना देें। ऐसा नहीं होने पर जिला प्रशासन से लंबा पत्र आता है। जोशी ने कहा कि हमारे आंदोलन को कमजोर करने का काम किया जा रहा है। वह कानून के जानकार हैं। समस्याओं के लिए आंदोलित हैं। 15 जनवरी से आंदोलन का बिगुल फूंका है। गांव से लेकर पूरे जिले में लोगों को जागरूक कर रहे हैं। बंदरों से महिला, बच्चे, बुजुर्ग सभी परेशान हैं। किसानों की खेती चौपट हो गई है। वह खेती नहीं कर पा रहे हैं। काम के लिए महानगरों की धूल फांक रहे हैं। गांवों से पलायन हो रहा है। जिसके लिए बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। इस दौरान हरीश जोशी आदि उपस्थित थे।









